परिवर्तन की लहर में बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत और टीएमसी की हार के सभी प्रमुख कारणों का विस्तार से विश्लेषण।
परिवर्तन की लहर में बदला सत्ता का समीकरण, रणनीति, महिला वोट, प्रवासी असर और सामाजिक बदलाव बने निर्णायक
क़लम टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता, 4 मई 2026

परिवर्तन ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को पूरी तरह बदल दिया है। सामाजिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता क़ायदे उर्दू शमीम अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जीत और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार एक लंबे राजनीतिक दौर के अंत और नए अध्याय की शुरुआत है। करीब 15 वर्षों से सत्ता में रही ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ जनता में गहरी नाराज़गी और बदलाव की इच्छा साफ दिखाई दी।सामाजिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता क़ायदे उर्दू शमीम अहमद ने कहा कि इस सफलता के पीछे नरेंद्र मोदी और अमित शाह की रणनीति निर्णायक रही। बीजेपी ने न सिर्फ संगठन को मजबूत किया बल्कि बूथ स्तर तक अपनी पकड़ बनाई। इसी परिवर्तन की रणनीति के तहत हर क्षेत्र के लिए अलग योजना बनाई गई, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर जबरदस्त फायदा मिला।
संगठन, रणनीति और ज़मीनी मेहनत

क़ायदे उर्दू शमीम अहमद के अनुसार बीजेपी ने इस चुनाव में अभूतपूर्व तैयारी की। बूथ मैनेजमेंट से लेकर वॉर रूम तक हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी गई। पार्टी कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाया गया कि सत्ता परिवर्तन संभव है। पहले जहां डर और दबाव का माहौल रहता था, इस बार सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए। अर्धसैनिक बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और चुनाव आयोग की सख्ती के कारण मतदान अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा। इससे आम जनता बिना डर के मतदान केंद्रों तक पहुंची।
प्रवासी वोटर और वोटर लिस्ट का असर
सामाजिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता क़ायदे उर्दू शमीम अहमद ने कहा कि SIR के माध्यम से वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण ने चुनाव को काफी प्रभावित किया। बड़ी संख्या में प्रवासी बंगाली वापस लौटे और मतदान किया।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों से लोग बंगाल आए, जिससे चुनावी समीकरण बदले। फर्जी नामों के हटने और दो चरणों में मतदान होने से पहले की तरह गड़बड़ियों पर रोक लगी।
महिलाओं का झुकाव और निर्णायक भूमिका

महिला वोटरों ने इस चुनाव में सबसे अहम भूमिका निभाई। शमीम अहमद के अनुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दों ने चुनाव की दिशा तय की। बीजेपी ने 3000 रुपये मासिक सहायता का वादा किया और कई घटनाओं को मुद्दा बनाकर महिलाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत की। इसके मुकाबले टीएमसी की योजनाएं उतनी प्रभावी नहीं रहीं।
सामाजिक और धार्मिक समीकरणों में बदलाव
शमीम अहमद ने कहा कि इस चुनाव में सामाजिक समीकरण पूरी तरह बदल गए। हिंदू वोटरों का एकजुट होना और मुस्लिम वोटों का विभाजन तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए नुकसानदायक साबित हुआ। नई राजनीतिक ताकतों के आने से पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगी और इसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को मिला। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार कुछ मुस्लिम वोट भी बीजेपी के पक्ष में गए, जिसका संकेत खुद सुवेंदु अधिकारी ने सार्वजनिक रूप से दिया है।
जनता की बदलाव की इच्छा और मुद्दे

लगातार 15 वर्षों की सत्ता के बाद जनता बदलाव चाहती थी। बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे मुद्दों पर लोगों में असंतोष था। सामाजिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता क़ायदे उर्दू शमीम अहमद ने कहा कि जनता ने इस बार चुपचाप मतदान कर सत्ता परिवर्तन का फैसला किया, जो लोकतंत्र की बड़ी ताकत को दर्शाता है।
माछ और मतुआ फैक्टर का असर
मतुआ समुदाय का समर्थन बीजेपी के लिए निर्णायक साबित हुआ। सीएए को लेकर इस समुदाय की उम्मीदों ने पार्टी को मजबूत किया। वहीं “माछ” यानी मछली को लेकर जो नैरेटिव बनाया गया था, उसे बीजेपी ने तोड़ दिया और खुद को स्थानीय संस्कृति से जोड़ने की कोशिश की। इसके अलावा कांग्रेस और वामपंथी दलों की कमजोर स्थिति के कारण उनके समर्थकों का झुकाव भी बीजेपी की ओर गया, जिससे चुनावी परिणाम एकतरफा हो गया।






