युवसाथी योजना के तहत पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ता आज से खातों में मिलेगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता धरना मंच से इसकी घोषणा की।
मेट्रो चैनल धरना मंच से बेरोजगार युवाओं के लिए राहत, अप्रैल से पहले ही शुरू होगा युवसाथी भत्ता भुगतान
क़लम टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता, 7 मार्च 2026
कोलकाता के मेट्रो चैनल पर जारी धरना कार्यक्रम के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा ऐलान किया है। युवसाथी योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता अब निर्धारित समय से पहले ही शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह धरना मंच से कहा कि राज्य सरकार ने फैसला किया है कि बेरोजगार युवाओं के लिए युवसाथी योजना की राशि आज से ही लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले यह तय किया गया था कि इस योजना का भुगतान 1 अप्रैल से शुरू होगा। लेकिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सरकार ने समय से पहले ही यह राशि देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि युवसाथी योजना के लाभार्थियों के खातों में आज से ही पैसे ट्रांसफर होने शुरू हो जाएंगे, जिससे बेरोजगार युवाओं को तुरंत राहत मिल सके।सरकारी जानकारी के अनुसार राज्य में 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1 करोड़ युवक-युवतियों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। चयनित लाभार्थियों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। राज्य सरकार की योजना के मुताबिक, यह भत्ता अधिकतम पांच वर्षों तक दिया जा सकता है।
किन लोगों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लोग पहले से ही किसी अन्य सरकारी आर्थिक सहायता या भत्ता योजना का लाभ ले रहे हैं, वे युवसाथी योजना के पात्र नहीं होंगे। हालांकि, शिक्षा से जुड़ी योजनाओं जैसे कन्याश्री, रूपश्री और शिक्षाश्री के लाभार्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
धरना मंच से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपील की कि वे काली साड़ी पहनकर सड़क पर उतरें और रसोई से जुड़े बर्तन—हांड़ी, कड़ाही और खुरपी—के साथ विरोध मार्च में शामिल हों।






