पिपरा विधानसभा में कार्यकर्ताओं के जोश से भाजपा को भारी मतों से जीत की उम्मीद, संगठन की शक्ति और विकास कार्यों से फिर खिलेगा कमल
By Qalam Times News Network
अरुण कुमार द्विवेदी | मोतिहारी, चकिया | 8 अक्टूबर 2025
मोतिहारी (चकिया): कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण के बल पर पिपरा विधानसभा में एक बार फिर कमल के खिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को शहर स्थित एक निजी होटल में भाजपा की पिपरा विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि और छत्तीसगढ़ के सांसद संतोष पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति और उनके परिश्रम के कारण ही भाजपा ने हर मोर्चे पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पिपरा में भी घर-घर पहुंचकर एनडीए सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना जरूरी है। पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निरंतर विकास हुआ है।
विकास और संगठन, जीत की मजबूत नींव
पांडेय ने यह भी याद दिलाया कि संगठन के दृढ़ संकल्प के चलते ही छत्तीसगढ़ में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मात दी थी। उन्होंने विश्वास जताया कि पिपरा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से एनडीए की जीत निश्चित है।
इस अवसर पर निवर्तमान विधायक श्याम बाबू यादव ने कहा कि पिपरा विधानसभा में अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व का परिणाम हैं। सड़क, पुल, पुलिया, अस्पताल और विद्यालय के रूप में विकास का जाल बिछाया गया है। यादव ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वे पुनः चुनाव मैदान में उतरेंगे और विकास के अपने कार्यों को और आगे बढ़ाएंगे।
कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क का आह्वान
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज ने कार्यकर्ताओं से पूर्ण जोश और ऊर्जा के साथ क्षेत्र में जनसंपर्क करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता हैं, जिनके समर्पण और जुड़ाव से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होगा।
बैठक में संजय चौधरी, रोहित सिंह, विजय श्री गुप्ता, लल्लू कुशवाहा, शिवकुमार सिंह, कन्हाई गुप्ता, अशोक कुशवाहा, नरेश साह, अजय उपाध्याय, नवीन साह, रत्नेश सिंह, संदीप सुल्तानिया, ब्लू सिंह, रामनारायण सिंह, बृजभूषण गिरी समेत सभी बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।






